विकास नंद/ सर्वव्यापी/
प्रदेश प्रभारी भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सरला कोसरिया ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि प्रियंका गांधी के छत्तीसगढ़ आगमन पर करोड़ों रुपये के फूल बिछाने वाली कांग्रेस, आज सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने वाले प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के छत्तीसगढ़ आगमन पर जिस प्रकार की आपत्ति और बयानबाज़ी कर रही है, वह उनकी मानसिकता को उजागर करता है।
सरला कोसरिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस नेताओं की यह तकलीफ इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि उन्हें हिंदू धर्म के अनुयायियों, सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्था से गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि पंडित धीरेन्द्र शास्त्री करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र हैं और उनके कथा आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक एकता को बल मिलता है।उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के बड़े नेता और उनके परिवार के आगमन पर शाही स्वागत होता है, तब उसे राजनीतिक शिष्टाचार बताया जाता है, लेकिन जब कोई संत या कथावाचक सनातन संस्कृति का प्रचार करता है, तो वही कांग्रेस उसे विवाद से जोड़ने का प्रयास करती है। यह दोहरे मापदंड और हिंदू विरोधी सोच को दर्शाता है।
सरला कोसरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता सनातन संस्कृति से गहराई से जुड़ी हुई है और यहां के लोग ऐसे किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेंगे, जो उनकी आस्था और धार्मिक परंपराओं को ठेस पहुंचाने का काम करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सनातन संस्कृति, धार्मिक स्वतंत्रता और आस्था के सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और आगे भी ऐसे मुद्दों पर मजबूती से खड़ी रहेगी।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चाहिए कि वह आस्था का सम्मान करना सीखे, न कि धार्मिक आयोजनों को राजनीति का विषय बनाकर समाज में विभाजन पैदा करे।