सफलता की कहानीभरोसे को मिला सम्मान: मुंगेली की गायत्री को समय पर खाद मिलने से खेती हुई आसान।

Share Now

मुंगेली, जियाउद्दीन खान, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

सीजन 2026 में किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही सतत निगरानी और प्रभावी व्यवस्थाओं का लाभ किसानों को सीधे तौर पर मिल रहा है। किसानों को समय पर खाद मिल रहा है, जिससे खरीफ फसल की तैयारी को रफ्तार मिल रही है। इसी क्रम में मुंगेली निवासी किसान गायत्री देवी साहू को भी समय पर खाद उपलब्ध हुई है, जिससे उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है। गायत्री देवी साहू ने बताया कि उन्होंने अपनी खेती की आवश्यकताओं के अनुसार पहले चरण में खाद प्राप्त कर खेतों की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके बाद अब उन्हें सेवा सहकारी समिति मर्या, मुंगेली से खाद की दूसरी किश्त भी समय पर प्राप्त हो गई है। इससे उन्हें खेती संबंधी कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने में काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को कई बार खाद की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन इस वर्ष प्रशासन की सक्रियता और बेहतर प्रबंधन के कारण समय पर खाद मिल रही है। इससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है और वे निश्चिंत होकर खेती की तैयारी कर पा रहे हैं। गायत्री देवी ने कहा कि समय पर खाद मिलने से फसल उत्पादन की संभावनाएं बेहतर होती हैं और किसान पूरे उत्साह के साथ खेती के कार्यों में जुट पाते हैं। उन्होंने सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं किसानों के लिए बहुत लाभकारी साबित हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। सहकारी समितियों और निजी विक्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों को आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खरीफ सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। 2.5 एकड़ तक भूमि वाले सीमांत किसानों को निर्धारित मात्रा एकमुश्त उर्वरक प्रदान की जा रही है तथा 2.5 से 05 एकड़ तक भूमि वाले लघु किसानों को उर्वरक दो किश्तों में दिया जा रहा है, जिसमें दूसरी किश्त पहली किश्त के 20 दिन बाद प्रदान की जा रही है। वहीं 05 एकड़ से अधिक भूमि वाले बड़े किसानों को उर्वरक तीन किश्तों में वितरित किया जा रहा है। दूसरी किश्त पहली किश्त के 20 दिन बाद तथा तीसरी किश्त दूसरी किश्त के 20 दिन बाद दी जा रही है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!