तुमगांव के विकास का खाका तैयार: सांसद रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में निवेश क्षेत्र विकास योजना पर मंथन।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

सांसद रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तुमगांव निवेश क्षेत्र विकास योजना प्रारूप-2041 के संबंध में महत्वपूर्ण प्रारंभिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2041 तक के लिए क्षेत्र के समग्र, संतुलित एवं दीर्घकालिक विकास की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास योजना का प्रारूप समावेशी, जनहितकारी तथा आधुनिक अधोसंरचना को समाहित करने वाला हो, जिससे क्षेत्र के लोगों की आवश्यकताओं और भविष्य की संभावनाओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सके।बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, नगर एवं ग्राम निवेश विभाग के अधिकारी विनीत नायर, नगर पंचायत अध्यक्ष बलराम कांत साहू, जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, विधायक प्रतिनिधि दिव्यांग पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय सहित निवेश क्षेत्र में शामिल ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।नगर तथा ग्राम निवेश कार्यालय रायपुर के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि वर्ष 2025 को आधार वर्ष मानते हुए तुमगांव निवेश क्षेत्र के लिए वर्ष 2041 तक का विकास प्रारूप तैयार किया गया है। इस निवेश क्षेत्र में तुमगांव नगर पंचायत सहित 11 ग्राम पंचायतें शामिल हैं, जिनमें बेन्द्रीडीह विरान, कौआझर, चोरभट्ठी, नवापारा, परसदा, कौंदकेरा, बनसिवनी, सोरिद, अमावस, गोपालपुर एवं भोरिंग शामिल हैं। क्षेत्र की कुल जनसंख्या 19 हजार 879 तथा कुल क्षेत्रफल 5045 हेक्टेयर बताया गया।

प्रस्तुति में बताया गया कि तुमगांव निवेश क्षेत्र को समावेशी आर्थिक विकास, आधुनिक अधोसंरचना, कृषि संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत तथा प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध एक जीवंत एवं सतत क्षेत्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर में सुधार, पर्यावरणीय संतुलन, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, कौशल विकास, रोजगार सृजन, सामाजिक समावेशिता और पर्यटन विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि विकास योजना जनमानस की अपेक्षाओं के अनुरूप तथा दीर्घकालिक दृष्टिकोण वाली होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि बैठक के पश्चात निवेश क्षेत्र में शामिल सभी ग्राम पंचायतों को मास्टर प्लान की प्रति उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उसका अध्ययन कर अपने सुझाव दे सकें तथा उन्हें अंतिम योजना में शामिल किया जा सके।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि स्थानीय अनुभव और आवश्यकताओं के आधार पर प्राप्त सुझाव योजना को अधिक व्यवहारिक और प्रभावी बनाएंगे। उन्होंने बताया कि तुमगांव विकास योजना-2041 का उद्देश्य वर्तमान स्वरूप और क्षेत्रीय पहचान को बनाए रखते हुए निवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाना तथा पारंपरिक और आधुनिक नियोजन तकनीकों का समन्वय स्थापित करना है। प्रत्येक बसाहट की अनुमानित जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

कलेक्टर ने बताया कि बैठक में प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे और इसके बाद प्रस्तावित विकास योजना को संचालनालय नगर तथा ग्राम निवेश, इंद्रावती भवन, रायपुर को अंतिम अनुमोदन के लिए प्रेषित किया जाएगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!