विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा व्यापक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात पुलिस, आरटीओ, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने जिले के दुर्घटना संभावित ब्लैक एवं ग्रे स्पॉट्स का निरीक्षण कर सुरक्षा उपायों की समीक्षा की।
पुलिस द्वारा हाईवे पेट्रोलिंग टीम के माध्यम से ब्लैक और ग्रे स्पॉट्स पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। वहीं शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान पिछले एक सप्ताह में महासमुंद शहर में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 2,186 चालकों के विरुद्ध ई-चालान जारी करते हुए 10 लाख 93 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया गया। इसके अलावा 36 ओवरस्पीड वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 36 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं नो-पार्किंग जोन में खड़े 25 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7,500 रुपये का समन शुल्क जारी किया गया।स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले की 92 स्कूल बसों का भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर दो स्कूल बसों पर 6 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही 62 स्कूल बस चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों के साप्ताहिक हाट-बाजारों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर 13 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2,000 से अधिक ग्रामीणों और नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। मोटरयान अधिनियम के तहत पिछले एक सप्ताह में 11 मालवाहक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस का मानना है कि ऐसे वाहनों में सवारी परिवहन गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकता है।इसके अतिरिक्त ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में वाहन संचालन सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल है और इसके विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
महासमुंद पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने से बचें। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है।