विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए।कलेक्टर ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों और मांगों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।जनदर्शन में पिथौरा विकासखंड के ग्राम बिजेमाल निवासी लता साहू अपने पति के निधन के बाद भूमि की फौती अपने नाम दर्ज कराने संबंधी आवेदन लेकर पहुंचीं। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। त्वरित पहल से संतुष्ट लता साहू ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।इसी प्रकार शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला बुटीपाली के उच्च वर्ग शिक्षक तेन सिंह जगत ने स्वास्थ्य कारणों से नजदीकी विद्यालय में स्थानांतरण की मांग रखी। नवंबर 2025 से लकवाग्रस्त होने के कारण वे वर्तमान पदस्थापना वाले विद्यालय तक पहुंचने में असमर्थ हैं। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जनदर्शन में ग्राम शंकरपुर (सांकरा) निवासी इतवारी लाल रात्रे ने फौती दुरुस्ती, ग्राम पलसापाली (सरायपाली) के लंबोदर चौधरी ने चिटफंड कंपनी में जमा राशि एवं ब्याज वापस दिलाने, बागबाहरा वार्ड क्रमांक-3 के आतिफ कुरैशी ने शासकीय भूमि की अवैध प्लॉटिंग एवं आम रास्ते में बनाई गई दीवार हटाने तथा ग्राम जोगीडीपा के सुखराम जटवार ने निजी भूमि से अवैध कब्जा हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता का परिचय दें, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।