विकास नंद/सर्वव्यापी
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ जिले के विद्यालयों में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। इसी क्रम में आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक शाला, महासमुंद तथा प्राथमिक शाला भलेसर में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-रोली लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश भी वितरित किए गए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह शामिल हुए। उनके साथ जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष ऐतराम साहू, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, डीएमसी रेखराज शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें विद्यालय जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि मध्याह्न भोजन योजना का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचे तथा गणवेश वितरण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो। उन्होंने शाला विकास समिति एवं पालकों से विद्यालय की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने की अपील भी की।कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा अध्ययन और खेलकूद में संतुलन बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने विद्यालयों के नियमित संचालन, समय पर मध्यान्ह भोजन वितरण और निःशुल्क गणवेश उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष ऐतराम साहू ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें और गणवेश उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे सत्र के पहले दिन से ही अध्ययन प्रारंभ कर सकें। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और मोबाइल सहित अन्य गैजेट्स का सीमित उपयोग करने की सलाह दी। वहीं डीएमसी रेखराज शर्मा ने शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप सभी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की, ताकि जिले में ड्रॉपआउट दर को शून्य किया जा सके।प्राथमिक शाला भलेसर में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में सरपंच सेवा राम कुर्रे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा, भोपाल बंजारा, एपीसी संपा बोस, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तारिका कुंजाम, हीना धालेन, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, सीएसी ए. चन्द्रशेखर डोरा, दुर्गा यादव, एसएमसी सदस्य, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।जिले के सभी विकासखंडों में शाला प्रवेशोत्सव के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया, जिससे विद्यालयों में उत्साह, उमंग और नई ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।