विकास नंद/सर्वव्यापी
जिले में 28 जून से शुरू होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के सतत मार्गदर्शन और मॉनिटरिंग में स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। इस अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के लगभग 1 लाख 15 हजार बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाई जाएगी।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर लेकर अवश्य पहुंचें और उन्हें पोलियो की दो बूंद पिलाकर इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें।जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता ने बताया कि अभियान के लिए जिलेभर में 1262 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए 1301 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 2844 टीम सदस्य अपनी सेवाएं देंगे। वहीं, प्रभावी निगरानी के लिए 381 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं तथा दूरस्थ और विशेष क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 29 मोबाइल टीमों की व्यवस्था की गई है।उन्होंने बताया कि 28 जून (रविवार) को सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए होंगे।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने जिले के सभी अभिभावकों से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। यह छोटी-सी सावधानी बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से आजीवन सुरक्षा प्रदान करती है।स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दें, ताकि महासमुंद जिला पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक मजबूत किया जा सके।