तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ की राजधानी के गौरव समझे जाने वाले नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय और इंद्रावती भवन संचालनालय के सामने इन दिनों अव्यवस्था का आलम है। करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग भवन तैयार होकर खड़ा है, लेकिन आज तक उसका उद्घाटन नहीं हो पाया है।उद्घाटन में हो रही इस देरी का खामियाज़ा रोज़ाना यहां आने वाले अफसरों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। पार्किंग भवन बंद रहने के कारण लोग मजबूरीवश मंत्रालय और संचालनालय के मुख्य प्रवेश द्वारों के सामने ही दुपहिया व चारपहिया वाहन अस्त-व्यस्त तरीके से खड़े कर देते हैं, जिससे परिसर की खूबसूरती धूमिल हो रही है।सरकारी तंत्र की सुस्ती और औपचारिकताओं में उलझे इस प्रोजेक्ट की वजह से करोड़ों की लागत से बनी सुविधा फिलहाल “शोपीस” बनकर खड़ी है। सवाल उठ रहा है कि जब भवन बनकर तैयार हो चुका है तो आखिर उद्घाटन की औपचारिकता में देरी किस कारण से की जा रही है?राजधानी की प्रतिष्ठा पर सवालराज्य के सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक केंद्र के मुख्य द्वार के सामने फैली यह पार्किंग अव्यवस्था केवल सौंदर्य बिगाड़ रही है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरा उत्पन्न कर रही है। अब आमजन और कर्मचारियों की यही मांग है कि सरकार तत्काल पार्किंग भवन को शुरू कराए, ताकि राजधानी का प्रशासनिक हृदय अराजकता से मुक्त हो सके।