“वोट चोर गद्दी छोड़ो” महारैली में छत्तीसगढ़ ओबीसी कांग्रेस की दमदार मौजूदगी, रामलीला मैदान में गूंजा जनआक्रोश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

आज राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित “वोट चोर गद्दी छोड़ो” महारैली में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का विशाल जनसैलाब उमड़ा।

इस ऐतिहासिक रैली में छत्तीसगढ़ से भी कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग की सशक्त और संगठित भागीदारी देखने को मिली।नेशनल कोऑर्डिनेटर गिरिश देवांगन एवं दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग विभाग कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव चंद्राकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुँचे।

रैली में विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष भावेश बघेल, मित्रभान साहू, प्रदेश समन्वयक तिरीथ कुमारी सहित हजारों कांग्रेसजन शामिल हुए।

महारैली के दौरान वक्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की मजबूती और जनता के मताधिकार के संरक्षण पर जोर देते हुए केंद्र सरकार पर तीखे आरोप लगाए। राहुल गांधी के संदेश को दोहराते हुए नेताओं ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।

छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने कहा कि यह महारैली केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग सहित समाज के सभी वर्ग आज अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर सड़कों पर उतरे हैं।

कार्यकारी अध्यक्ष भावेश बघेल ने कहा कि यह विशाल जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता अब सच और झूठ का फर्क समझ चुकी है।

वहीं मित्रभान साहू और तिरीथ कुमारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर गांव, हर शहर तक इस आंदोलन की आवाज पहुंचाएंगे।

रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब, गगनभेदी नारों और हाथों में तख्तियों के साथ लोकतंत्र बचाने का संकल्प इस महारैली को ऐतिहासिक बना गया।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग की सक्रिय और प्रभावी भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राज्य का संगठन राष्ट्रीय स्तर पर पूरी मजबूती के साथ पार्टी नेतृत्व के साथ खड़ा है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!