विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को तहसील कार्यालय के समीप महासमुंद में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। आदिवासी समाज की पारंपरिक पूजा-पाठ के साथ विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने की।कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ (जिला महासमुंद), 52 गढ़ गोंड समाज महासमुंद एवं आदिवासी समाज महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा रामस्वरूप दीवान, सहित अनेक जनप्रतिनिधि व समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।मुख्य अतिथि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारे वीर नायकों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनजातीय विकास के लिए देश में 80 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रावधान है। राज्य में धरती आबा एवं पीएम जनमन योजना के माध्यम से आदिवासी गांवों में सड़क, बिजली, पानी और रोजगार की सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।उन्होंने किसानों को एकीकृत खेती, पशुपालन और कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कृषि, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को इतिहास, संस्कृति और स्वाभिमान से जोड़ेगी।अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि महासमुंद की धरती पर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना गर्व का विषय है। यह प्रतिमा जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान और आत्मसम्मान की प्रतीक बनेगी। उन्होंने जिले में सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए 3200 करोड़ रुपये की लागत से सिकासर बांध से शहीद वीर नारायण सिंह जलाशय तक पानी लाने तथा 650 करोड़ रुपये की लागत से सिरपुर बैराज निर्माण की जानकारी दी।अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारे नायकों के आदर्शों को आत्मसात करने का दिन है। समाज के अन्य वक्ताओं ने भी भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह के संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।