21 दिसंबर को पल्स पोलियो अभियान..जिले में 1.15 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने के उद्देश्य से पल्स पोलियो अभियान का आयोजन रविवार, 21 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। इस दौरान जिलेभर में निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। वहीं, अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन 22 और 23 दिसंबर 2025 को पहले दिन छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि इस वर्ष जिले में कुल 1262 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1,15,495 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए राज्य शासन से 1,47,000 डोज ओरल पोलियो वैक्सीन प्राप्त हो चुकी है, जिन्हें जिले के 20 कोल्ड चेन प्वाइंट्स में सुरक्षित रूप से संग्रहीत एवं वितरित किया गया है।अभियान की तैयारियों को लेकर 9 दिसंबर को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए।पल्स पोलियो अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए जिलेभर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस वर्ष यह अभियान केवल एक चरण में संपन्न किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!