विकास नंद/ सर्वव्यापी/

अवैध लकड़ी कारोबार पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सरायपाली में फर्नीचर मार्ट से भारी मात्रा में जप्त। महासमुंद। वन विभाग सरायपाली की टीम ने ग्राम बसुंला स्थित एक फर्नीचर मार्ट में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध काष्ठ एवं उससे निर्मित फर्नीचर सामग्री बड़ी मात्रा में जप्त की है। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी महासमुंद मयंक पाण्डेय एवं संयुक्त वनमंडलाधिकारी सरायपाली यू.आर. बसंत के निर्देशन में की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर वन परिक्षेत्र अधिकारी सरायपाली प्रत्युष टांण्डे के नेतृत्व में गठित टीम ने योजनाबद्ध तरीके से फर्नीचर मार्ट की तलाशी ली। जांच के दौरान सागौन एवं साल की अवैध लकड़ी के साथ-साथ उनसे निर्मित फर्नीचर सामग्री बरामद की गई।कार्रवाई में कुल 7.890 घनमीटर अवैध काष्ठ जप्त किया गया, जिसमें सागौन व साल के लट्ठे, चिरान, चौखट, दरवाजे, पलंग, कुर्सी, टेबल, सोफा, दीवान, ड्रेसिंग टेबल सहित विभिन्न फर्नीचर शामिल हैं। इसके अलावा लकड़ी कटाई एवं फर्नीचर निर्माण में प्रयुक्त आरी मशीन, ड्रिल मशीन, कटर, राउटर, विद्युत चलित उपकरण सहित अन्य औजार भी जप्त किए गए।वन विभाग द्वारा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 72(1)(ग) एवं छत्तीसगढ़ काष्ठ व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 की धारा 15(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। यह संपूर्ण कार्यवाही वन अपराध प्रकरण क्रमांक 19920/16 दिनांक 18.12.2025 के तहत की गई।उक्त कार्रवाई में वनपाल, सहायक वनपाल, वनरक्षक एवं सुरक्षा श्रमिकों का सराहनीय योगदान रहा।