बाबा गुरु घासीदास के मार्ग पर चलकर ही बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को एक विकसित राज्य बनाया जा सकता है। राज्य सरकार महापुरुषों के आदर्शों के अनुरूप समतामूलक, न्यायपूर्ण और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री आज मुंगेली जिले के लालपुर में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लालपुर में नवीन महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। साथ ही मेला एवं कार्यक्रम आयोजन हेतु दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा मुंगेली सतनाम भवन के जीर्णोद्धार हेतु 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी।कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने बाबा गुरु घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया गया है। प्रदेश में अब तक 18 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूर्णतः संकल्पित है।मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते दो वर्षों में धान के रकबे और किसानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है। पीएसी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। नई औद्योगिक नीति लागू कर युवाओं को उद्यमी बनने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने सभी के सहयोग से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आह्वान किया।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अनुसूचित जाति प्राधिकरण को सशक्त करते हुए उसके बजट को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में सर्व समाज का समावेशी विकास हो रहा है। उन्होंने अनुसूचित समाज के पांच प्रतिभावान युवाओं को पायलट प्रशिक्षण हेतु 15-15 लाख रुपये की सहायता को सरकार की दूरदर्शी पहल बताया।कार्यक्रम में सतनाम आचार संहिता एवं जागरूकता कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!