21 से 23 दिसंबर तक सरायपाली में पल्स पोलियो अभियान…268 बूथों पर 16,430 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

विकासखंड सरायपाली में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने हेतु 21 से 23 दिसंबर तक पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे एवं विकासखंड कार्य प्रबंधक शीतल सिंह के संयुक्त तत्वावधान में संचालित होगा।डॉ. कुणाल नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दिवस 21 दिसंबर, रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक भवनों में बनाए गए बूथों के माध्यम से लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं, द्वितीय एवं तृतीय दिवस में छूटे हुए बच्चों को स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर भ्रमण कर पोलियो की दवा दी जाएगी। शहरी क्षेत्र में बस स्टैंड, स्लम एरिया, ईंट भट्ठा सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रांजिट टीम के माध्यम से भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।पल्स पोलियो अभियान प्रभारी टी.आर. धृतलहरे ने बताया कि विकासखंड सरायपाली में अभियान के अंतर्गत 268 बूथ बनाए गए हैं, जहां 16,430 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि भारत में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत 1995 में हुई थी और 27 मार्च 2014 को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है। हालांकि पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले सामने आने के कारण एहतियातन यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को प्रथम दिवस ही बूथ लेवल पर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं तथा अपने आसपास के लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को भी प्रेरित कर इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!