विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन के मामलों पर प्रशासन की सख्ती जारी है। इसी क्रम में अवैध धान परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर शासकीय प्राथमिक शाला बसूलाडबरी, विकासखंड बागबाहरा में पदस्थ प्रधानपाठक ओमप्रकाश चन्द्राकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर की गई।अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बागबाहरा द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार प्रधानपाठक ओमप्रकाश चन्द्राकर द्वारा वाहन क्रमांक 407 में धान भरकर ग्राम लिटियादादर से गांजर मार्ग पर एक अज्ञात मकान के पीछे छिपाने का प्रयास किया गया। साथ ही मंडी नियमों का उल्लंघन करते हुए जब्त अवैध धान को शाम लगभग 6 बजे कुछ ग्रामवासियों के माध्यम से बलपूर्वक ले जाकर शासकीय कार्य में बाधा डालने की शिकायत प्राप्त हुई थी।प्रकरण की जांच के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा संबंधित प्रधानपाठक को स्पष्टीकरण जारी किया गया। प्राप्त जवाब परीक्षण के उपरांत असंतोषजनक पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई।निलंबन अवधि के दौरान प्रधानपाठक का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बागबाहरा निर्धारित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि में संबंधित को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।