एसआईआर के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशितचारों विधानसभा में 7.93 लाख मतदाता दर्ज, 22 जनवरी तक दावा-आपत्ति का अवसर।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, रायपुर के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों की बैठक एवं मीडिया प्रतिनिधियों की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विधानसभावार मतदाताओं की स्थिति एवं एसआईआर से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 28 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत 4 नवंबर से 18 दिसंबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन किया गया। आयोग के निर्देशानुसार आज निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। प्रारूप सूची में सम्मिलित मतदाता 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत नामों को एक ही स्थान पर बनाए रखने की प्रक्रिया इसी अवधि में की जाएगी।उन्होंने बताया कि ईआरओ द्वारा नोटिस जारी करने एवं सुनवाई की अवधि 14 फरवरी 2026 तक निर्धारित है, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। दावा-आपत्ति की सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 39 सरायपाली, 40 बसना, 41 खल्लारी एवं 42 महासमुंद में कुल 7,93,722 मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में दर्ज किए गए हैं। इनमें 3,94,607 पुरुष, 3,99,107 महिला तथा 8 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार महासमुंद में 1,86,820, खल्लारी में 2,03,231, बसना में 2,10,657 तथा सरायपाली में 1,93,014 मतदाता दर्ज किए गए हैं।उन्होंने जानकारी दी कि प्रारूप प्रकाशन से पूर्व जिले में कुल 8,86,422 मतदाता पंजीकृत थे। विभिन्न कारणों से 92,700 मतदाताओं के गणना प्रपत्र अप्राप्त रहे, जो कुल मतदाताओं का 10.46 प्रतिशत है। इनमें मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित, दोहरे पंजीकरण एवं अन्य कारण शामिल हैं। ऐसे मतदाताओं की सूची मतदान केंद्रवार ऑनलाइन देखी जा सकती है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाताओं को फॉर्म-6 एवं आवश्यक घोषणा पत्र के साथ आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अब तक लगभग 4,000 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं, जिनकी जांच के उपरांत पात्र नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।इस चरण में 4 निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 7 सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं 1083 बीएलओ ने जिम्मेदारीपूर्वक कार्य किया। साथ ही 5 प्रमुख राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही तथा 2509 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए। बैठक के अंत में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची सीडी एवं हार्ड कॉपी में प्रदान की गई।इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन भूतड़ा, एसडीएम अक्षा गुप्ता, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं इलेक्ट्रॉनिक-प्रिंट मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!