विकास नंद/सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। जन चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।कलेक्टर ने आवेदनों का अवलोकन करते हुए कहा कि नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण के लिए स्पष्ट निर्देश दिए।जन चौपाल में ग्राम गिरना निवासी गायत्री निषाद ने वृद्धा पेंशन की जानकारी हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम लाफिनकला निवासी जेठूराम सतनाम ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन न्याय योजना की राशि के संबंध में आवेदन दिया। इसी तरह ग्राम लभराखुर्द निवासी ताराचंद धीवर ने मजदूर पंजीयन कार्ड, ग्राम बकमा निवासी टोमीन साहू ने श्रम पंजीयन कार्ड में संशोधन, ग्राम बनसिवनी निवासी टेकचंद बांधे ने पुत्र के इलाज हेतु आर्थिक सहायता, ग्राम बिराजपाली निवासी गोवर्धन बरिहा ने तीन पहिया बैटरी वाहन उपलब्ध कराने तथा दिव्यांग तीरंदाज खिलाड़ी सविता निषाद ने खेल हेतु आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया।इसके अतिरिक्त भौतिक सत्यापन, धान विक्रय में आ रही समस्याएं, एग्रीस्टैक पंजीयन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा लंबित राशि भुगतान से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।