सांसद खेल महोत्सव का वन खेल परिसर महासमुंद में हुआ शुभारंभ, 8 विधानसभा के 1155 खिलाड़ी हुए शामिल।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

लोकसभा स्तरीय दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ आज वन खेल परिसर महासमुंद में दीप प्रज्वलन एवं मशाल प्रज्वलन के साथ किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे। सांसद खेल महोत्सव का समापन गुरुवार 25 दिसंबर को होगा।उद्घाटन अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने सांसद खेल महोत्सव को युवा शक्ति का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि अनुशासन और खेल भावना का भी विकास करता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाओं को उभरने का सशक्त मंच मिला है। उन्होंने जानकारी दी कि सांसद खेल महोत्सव के लिए 29 अगस्त से पंजीयन प्रारंभ किया गया था, जिसमें लगभग 86 हजार बच्चों ने पंजीयन कराया। संकुल स्तर से चयनित खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि गांव से लेकर लोकसभा तक युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवाओं की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने पंचायत से पार्लियामेंट तक युवाओं की सक्रिय सहभागिता पर जोर देते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।छत्तीसगढ़ बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव वास्तविक प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सच्ची प्रतिभा को उचित मंच मिलना चाहिए और यही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, महेंद्र सिक्का, प्रशांत श्रीवास्तव, आनंद साहू, संदीप घोष, शरद मराठा, राहुल चंद्राकर, सुरेन्द्र चावला, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने खेल भावना की शपथ ली। मशाल प्रज्वलन के पश्चात प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया। पहले दिन प्रतियोगिताओं की शुरुआत 100 मीटर दौड़ से हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।सांसद खेल महोत्सव का आयोजन तीन चरणों में किया गया। प्रथम चरण में संकुल स्तरीय खेल महोत्सव के अंतर्गत ग्रामीण 25 एवं शहरी 5, कुल 30 संकुलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दूसरे चरण में विधानसभा स्तरीय खेल महोत्सव आयोजित हुआ, जिसमें संकुल स्तर के विजेता खिलाड़ी एवं टीमें शामिल हुईं। लोकसभा स्तरीय अंतिम चरण में 8 विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।सामूहिक खेलों के लिए आयु वर्ग 14 से 19 वर्ष एवं 19 से 24 वर्ष तथा व्यक्तिगत खेलों के लिए 14 से 17 वर्ष, 18 से 20 वर्ष एवं 21 से 24 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं शामिल हैं। सामूहिक खेलों में खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल तथा व्यक्तिगत खेलों में 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद और गेड़ी दौड़ को शामिल किया गया है।सांसद खेल महोत्सव में 8 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 1155 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 664 बालक एवं 491 बालिकाएं शामिल हैं। इनमें बसना से 182, सरायपाली से 123, महासमुंद से 131, खल्लारी से 145, राजिम से 146, बिंद्रानवागढ़ से 149, कुरूद से 148 तथा धमतरी से 131 खिलाड़ी शामिल हैं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!