अवैध शराब पर सख्ती को लेकर भारत माता वाहिनी ने उठाई आवाज…राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने कलेक्टर विनय लंगेह से की मुलाकात।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री सरला कोसरिया ने सरायपाली विधानसभा क्षेत्र की भारत माता वाहिनी की बहनों के साथ महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह से सौजन्य भेंट कर जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं निर्माण पर प्रभावी रोकथाम को लेकर आवश्यक चर्चा की।भेंट के दौरान भारत माता वाहिनी की बहनों ने अवैध शराब के कारण सामाजिक ताने-बाने पर पड़ रहे दुष्प्रभाव, महिलाओं एवं युवाओं पर इसके नकारात्मक असर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही अवैध गतिविधियों की जानकारी कलेक्टर के समक्ष रखी। उन्होंने अवैध शराब के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई की मांग करते हुए निगरानी तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया।राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने कहा कि अवैध शराब न केवल कानून-व्यवस्था की समस्या है, बल्कि यह परिवारों को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से भी कमजोर कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान की दृष्टि से इस पर प्रभावी नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से आबकारी, पुलिस एवं संबंधित विभागों के समन्वय से विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया।कलेक्टर विनय लंगेह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ पहले से चल रही कार्रवाइयों को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।भेंट के दौरान भारत माता वाहिनी की बहनों ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग देने की बात कही। यह मुलाकात जिले में अवैध शराब के खिलाफ जनजागरूकता एवं प्रशासनिक सक्रियता को और मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!