विकास नंद /सर्वव्यापी/
महासमुंद जिले में धान के अवैध भंडारण, परिवहन एवं स्टॉक में अनियमितताओं के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सघन कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आज तीन अलग-अलग प्रकरणों में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में धान एवं चावल जब्त किया गया।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के मार्गदर्शन एवं तहसीलदार श्रीधर पंडा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा श्री साईं राइस मिल, सरायपाली में भौतिक स्टॉक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान स्टॉक में गंभीर कमी पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। इस प्रकरण में कुल 6,000 बोरा धान एवं 15,470 बोरा चावल जब्त किया गया।इसी प्रकार बसना अनुविभाग में एसडीएम हरिशंकर पैंकरा एवं तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू के मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा दो राइस मिलों में कार्रवाई की गई।शिव शंकर राइस मिल, बसना से 287 बोरा अवैध धान तथाकामद राइस मिल, बसना से 407 बोरा अवैध धान जब्त किया गया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।