तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नगर पालिका परिषद गौरेला में पदस्थ कर्मचारी सुनील कौशिक अपने कुशल, विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार के कारण कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के बीच विशेष रूप से सराहे जा रहे हैं। कार्यालयीन कार्यों के प्रति उनकी सकारात्मक सोच और जिम्मेदारीपूर्ण रवैये ने उन्हें एक भरोसेमंद कर्मचारी के रूप में स्थापित किया है।पूर्व में मुंगेली जिले के सरगांव नगर पंचायत में पदस्थ रह चुके सुनील कौशिक वर्तमान में गौरेला नगर पालिका में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बुजुर्ग माता की अस्वस्थता जैसी पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो उनकी कर्मठता और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है।नगर पालिका से जुड़े जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का कहना है कि सुनील कौशिक का व्यवहार न केवल सहज और संवेदनशील है, बल्कि वे समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी सदैव तत्पर रहते हैं। उनके इसी समर्पण और मानवीय दृष्टिकोण के चलते नगर पालिका परिषद गौरेला में एक सकारात्मक कार्य-संस्कृति को बल मिला है। सुनील कौशिक जैसे कर्मचारी प्रशासन और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं, जिनकी सेवाएं निश्चय ही अनुकरणीय हैं।