विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर में आगामी 1 जनवरी को प्रस्तावित केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज आकस्मिक रूप से सिरपुर पहुंचकर विभिन्न पुरातात्विक स्थलों का निरीक्षण किया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान सांसद रूपकुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा तथा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह उपस्थित रहे। पर्यटन मंत्री ने लक्ष्मण मंदिर, बौद्ध विहार परिसर, उत्खनन स्थलों सहित अन्य प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं मार्ग व्यवस्था, सूचना पट्टिकाओं की सुदृढ़ता तथा पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान देने को कहा।इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सिरपुर केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर है। केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित निरीक्षण से सिरपुर के संरक्षण एवं पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने पर्यटन विभाग, पुरातत्व विभाग, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सिरपुर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता जताई। वहीं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले में पर्यटन विकास से संबंधित चल रही योजनाओं एवं प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी।निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पर्यटन, पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।