विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार गठित संयुक्त टीम ने बागबाहरा विकासखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 1100 कट्टा धान जब्त किया है।एसडीएम नमिता मारकोले के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के तहत ग्राम टेमरी में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए एक वाहन को पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन में 300 कट्टा धान पाया गया, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। मौके पर मौजूद राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने धान को जब्त कर मंडी समिति के सुपुर्द किया तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की।इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई में सिद्ध ट्रेडर्स, कोमाखान के प्रोपराइटर आशीष जैन के ग्राम मौलीमुड़ा नवाडीह स्थित गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में 800 कट्टा अवैध धान का भंडारण पाया गया। संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जब्त धान को मंडी समिति के सुपुर्द किया गया एवं प्रकरण दर्ज किया गया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान खरीदी, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।