वर्धा/बिलासपुर/ तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से सटे हुए हनुमान टेकड़ी स्थित ऑक्सीजन पार्क तथा कबीर हिल परिसर में गुरुवार दोपहर लगी आग पर विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए काबू पा लिया। दोपहर को लगभग 01:30 बजे आग लगी थी। देखते ही देखते यह आग तीव्र गति से फैलने लगी। आग की भयावहता को देखते हुए सुरक्षा अधिकारी सुधीर खरकाटे मौके पर पहुँचे और उन्होंने अन्य सुरक्षाकर्मियों को बुलाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। विश्वविद्यालय के अग्नि शमन उपकरणों के साथ सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर दाखिल हुए। उन्होंने इस जोखिम भरे काम को अंजाम देते हुए गर्मी के कारण गति से बढ़ रही आग पर काबू पा लिया। विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी राजू गुरूनुले, निलेश श्रीवास, रवींद्र पंचभाई, शुभम कळमकर, संजय आत्राम, निकेश पोटे, अभिनव वाळूकर, प्रफुल्ल मुंगले, आशीष कुमरे, मनोज शिरनाथे, दिनेश लोणारे, रवींद्र वानखेडे, अमित भुरे, नितीन शेंडे और राहुल पाटनकर ने फैल रही आग को बुझाया। आग के कारण पेड़ों, इलेक्ट्रिक केबल, प्लास्टिक पाइप आदि जलकर राख हो गए। इस दौरान विवि के जनसंपर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे ने नगर पालिका के अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। उन्होंने वैद्यकीय जनजागृति मंच के अध्यक्ष डॉ. सचिन पावड़े को भी इसकी जानकारी दी। आग की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्ण कुमार सिंह और कुलसचिव प्रो. आनन्द पाटील ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने आग बुझाने में तत्परता दिखाने वाले सुरक्षा अधिकारी तथा सुरक्षाकर्मियों की सराहना की।