विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण की व्यवस्था लगातार सुदृढ़ बनी हुई है। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की कुल 593 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से 455 दुकानों (लगभग 76 प्रतिशत) में राशन वितरण का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।जिन दुकानों में वितरण प्रारंभ हो चुका है, वहां फरवरी एवं मार्च 2026 माह का खाद्यान्न पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड में ई-पॉस मशीन के माध्यम से प्रदर्शित हो रहा है। 18 फरवरी 2026 की स्थिति में जिले के कुल 99,908 राशन कार्डों में से लगभग 28.29 प्रतिशत हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है।इसी क्रम में जिले की 593 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में से 468 दुकानों (लगभग 78 प्रतिशत) में नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खाद्यान्न का भंडारण पूर्ण किया जा चुका है, जिससे आगामी दिनों में वितरण की गति और तेज होने की संभावना है।बताया गया कि पूर्व में जिले में 12 ऑफलाइन उचित मूल्य दुकानें संचालित थीं। नेटवर्क परीक्षण के उपरांत विकासखंड पिथौरा की एक दुकान में कनेक्टिविटी उपलब्ध होने पर उसे ऑनलाइन कर दिया गया है। वर्तमान में जिले में 11 दुकानें ऑफलाइन संचालित हैं, जहां नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं है।इन ऑफलाइन दुकानों के माध्यम से हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शासन द्वारा ई-पॉस मशीन में ऑफलाइन डाटा एंट्री की सुविधा प्रदान की गई है। विक्रेताओं द्वारा समय-समय पर डाटा अपडेट किए जाने से वितरण व्यवस्था निर्बाध बनी हुई है।