विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिले में इन दिनों अवैध ईंट भट्टों का कारोबार तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। गांव-गांव में बड़ी संख्या में ईंट बनाने का काम जोरों पर चल रहा है। बताया जा रहा है कि कई स्थानों पर बिना अनुमति के ईंट भट्टे संचालित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
जानकारी के अनुसार ईंट भट्टों को जलाने के लिए बड़ी मात्रा में पेड़ों की कटाई की जा रही है। राजस्व और वन विभाग के अंतर्गत आने वाली जमीनों पर भी लकड़ी की अवैध कटाई कर ईंट पकाने में उपयोग किया जा रहा है। इससे हरियाली पर संकट मंडराने लगा है और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई गांवों में खुलेआम ईंट भट्टे चल रहे हैं, जहां न तो पर्यावरणीय नियमों का पालन किया जा रहा है और न ही संबंधित विभागों से वैध अनुमति ली गई है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
पर्यावरण प्रेमियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों की जांच कर कार्रवाई की जाए और पेड़ों की हो रही कटाई पर रोक लगाई जाए, ताकि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।