विकास नंद/सर्वव्यापी/

विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सरायपाली द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम सिंघबहाल में पदस्थ एक शिक्षिका के विरुद्ध ग्रामवासियों की शिकायत के बाद उनका अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया गया है।जारी पत्र के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला सिंघबहाल की प्रधान पाठक श्रीमती कांचन बाई के संबंध में ग्रामवासियों द्वारा 17 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई गई, जिसमें प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल सिंघोड़ा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चारमाठा द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।जांच और प्राप्त शिकायत को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने स्थिति को ध्यान में रखते हुए कांचन बाई को शासकीय प्राथमिक शाला सिंघबहाल से कार्यमुक्त कर शासकीय प्राथमिक शाला सुखापाली में आगामी आदेश तक अध्यापन कार्य करने के निर्देश दिए हैं।पत्र में यह भी कहा गया है कि संबंधित शिक्षिका तत्काल प्रभाव से वर्तमान विद्यालय से कार्यमुक्त होकर नए विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करें तथा पालन प्रतिवेदन विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें।इस आदेश की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली, संबंधित संकुल प्राचार्य और समन्वयकों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।