विकास नंद/सर्वव्यापी/
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।जनदर्शन में कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न योजनाओं और व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। इस दौरान प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण भी देखने को मिला, जब बिरकोनी निवासी पूर्णिमा सोनवानी का मनरेगा जॉब कार्ड में नाम मौके पर ही जोड़ दिया गया। त्वरित समाधान मिलने पर उन्होंने कलेक्टर का आभार जताया।जनदर्शन में तुमगांव के प्रदीप सिंह ठाकुर ने वन अधिकार पट्टा, बागबाहरा की कुलेश्वरी शुक्ला ने महतारी वंदन योजना, खल्लारी के परमानंद साहू ने श्रम कार्ड, नवागढ़ (सरायपाली) के प्रहलाद पटेल ने किडनी उपचार हेतु मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत किया।इसके अलावा केशवा की संतोषी साहू ने राशन कार्ड त्रुटि सुधार, भोरिंग की परमेश्वरी साहू ने दीनदयाल भूमिहीन मजदूर योजना की राशि, खल्लारी के दुर्गेश साहू ने नल जल मित्र प्रशिक्षण तथा जुनवानी के दीपक साहू ने डिजिटल फसल सर्वेक्षण भुगतान के लिए आवेदन दिया।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमिहीन मजदूर योजना, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन और लंबित भुगतान से जुड़े कई अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।