महासमुंद पुलिस का ‘नवा बिहान’ अभियान: साइबर अपराध, नशाखोरी और ठगी के खिलाफ जागरूकता की नई पहल।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

आमजन को साइबर अपराध, नशाखोरी, धोखाधड़ी एवं अन्य सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा ‘नवा बिहान’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर सतर्क रहने का संदेश दिया जा रहा है।

पुलिस विभाग के अनुसार अभियान के तहत अब तक 500 से अधिक नागरिकों को लाभान्वित किया जा चुका है। जागरूकता कार्यक्रमों में नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव, आपातकालीन सेवाओं का उपयोग, डिजिटल गिरफ्तारी जैसी धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसंवाद कर लोगों को बताया जा रहा है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाना में सूचना देकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाली अज्ञात फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, अपने खातों में टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से पैसे की मांग नहीं करती, इसलिए तथाकथित ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे फर्जी दावों से सावधान रहें।

अभियान के अंतर्गत खैरटकलां, बी.के. बहरा और भंवरपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा गो-तस्करी, अवैध परिवहन एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए पुलिस द्वारा हेल्पलाइन नंबर 94792-29939 भी जारी किया गया है।

महासमुंद पुलिस का यह अभियान समाज में सुरक्षा और जागरूकता का वातावरण निर्मित करने के साथ-साथ नागरिकों एवं पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!