रोजगार मेले में 122 युवाओं का चयन, 234 अभ्यर्थी प्रारंभिक रूप से चयनित…युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में सफल पहल।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोनी, बिलासपुर द्वारा आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोजगार मेले में विभिन्न निजी प्रतिष्ठानों द्वारा कुल 653 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। मेले में 935 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जिनमें से 687 आवेदक उपस्थित हुए। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 234 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन तथा 122 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया।

रोजगार मेले का निरीक्षण संभागायुक्त सुनील जैन एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न नियोजक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं से चर्चा कर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली। अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य युवाओं को भी अपने कौशल का विकास कर रोजगार के अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

संभागायुक्त सुनील जैन ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और उद्योग जगत के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। युवाओं को बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि वे प्रतिस्पर्धी वातावरण में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने रोजगार मेले में शामिल नियोजक संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने में सहायता मिलती है। अग्रवाल ने युवाओं से अपने कौशल और क्षमता को लगातार विकसित करने तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!