नूर मोहम्मद ,गौरेला पेंड्रा मरवाही, (सर्वव्यापी)

सुशासन तिहार के आखिरी दिन आज मरवाही विकासखण्ड के कलस्टर ग्राम पंचायत चर्चेड़ी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में जन सैलाब देखने को मिला। इस शिविर में आस-पास के 18 ग्राम पंचायतों-बदरौडी, मालाडांड, चर्चेडी, दरमोहली, धरहर, धोबहर, करसिंवा, मड़वाही, नरौर, निमधा, रटगा, खुरपा, पथर्री, पण्डरी, नगवाही, लरकेनी, अण्डी एवं सिवनी के ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित होकर विभिन्न मांगो, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों ने उनके विभाग में संचालित योजनाओं का नाम, योजना से मिलने वाला लाभ, लाभ लेने के लिए पात्रता एवं प्रक्रिया आदि के बारे में विस्तार से बताया। विधायक प्रणव कुमार मरपची, कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन केअधिकारी-कर्मचारी शिविर में उपस्थित हुए।शिविर के मुख्य अतिथि विधायक मरपची ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के माध्यम से जनसेवा का अवसर दिया। चर्चेड़ी में आयोजित शिविर सुशासन तिहार का आखिरी शिविर रहा। यहां भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाया। उन्होंने सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों से अवगत कराते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत राज्य के 70 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रुपये अंतरित करने वाला और किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर धान खरीदने वाला छत्तीसगढ़ देश का इकलौता राज्य है। शिविर में राजस्व विभाग सें संबंधित 128 आवेदन प्राप्त हुए। इसके साथ ही राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने, बोरवेल खनन, ट्रांसफार्मर, नया विद्युत कनेक्शन, मुर्गी पालन, पीएम आवास, हैंड पंप, वन अधिकार पटटा, महतारी वंदन राशि दिलाने आदि से संबंधित 770 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के निर्देशा अनुसार विभागवार प्राप्त आवेदनों और उसके निराकरण के बारे में अधिकारियों ने आवेदकों को जानकारी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि आवेदनों के निराकरण में नियम प्रक्रिया सभी के लिए मान्य होगा। उन्होंने कहा कि विवादित प्रकरणों का निराकरण राजस्व न्यायालय से होता है। साक्ष्य के लिए दस्तावेज कि आवश्यकता होती है। उन्होंने आवेदन के साथ दस्तावेज भी शामिल करने कहा। जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत सदस्य बूंदकुंवर मारको एवं राजेश नंदनी आर्मो और जनपद अध्यक्ष जानकी कुशरो ने भी शिविर को संबोधित किया। शिविर में विधायक, कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत 471 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 150 हितग्राहियों को वन अधिकार पटटा, 49 हितग्राहियों को आबादी पटटा, 28 हितग्राहियों को किसान किताब, 120 हितग्राहियों को वोटर आईडी और 2 कोटवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। शिविर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम पंचायत पण्डरी एवं पथर्री को नल जल योजना के कार्य को पूर्ण कर हस्तांतरण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। ग्रामोद्योग विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को क्रमशः 35 हजार एवं 70 हजार रुपये की अनुदान राशि का चेक दिया गया। परिवहन विभाग द्वारा 32 हितग्राहियों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया गया। इसी तरह स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास और कृषि विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, सिकलिंग कार्ड, छड़ी, चश्मा, सहायक उपकरण, मूंग बीज, सुकन्या समृध्दि एवं नोनी सुरक्षा के तहत प्रमाण पत्र वितरित किया गया। शिविर में 7 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 7 बिच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त किया।