विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 83 अधिकारियों को पदोन्नति स्वरूप उच्च वेतनमान का लाभ प्रदान करते हुए बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने आदेश जारी कर 43 डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों को वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान (लेवल-13) तथा 40 संयुक्त कलेक्टर स्तर के अधिकारियों को प्रवर श्रेणी वेतनमान (लेवल-14) स्वीकृत किया है।
जारी आदेश के अनुसार राज्य प्रशासनिक सेवा संवर्ग के कनिष्ठ श्रेणी वेतनमान (लेवल-12) में कार्यरत 43 अधिकारियों को उनकी पात्रता तिथि के आधार पर वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान (लेवल-13) प्रदान किया गया है। इस सूची में विभिन्न जिलों में पदस्थ डिप्टी कलेक्टरों और विभागीय अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान पाने वाले अधिकारियों में बिलासपुर की रजनी भगत, बलौदाबाजार-भाटापारा के अरुण कुमार सोनकर, महासमुंद के आशीष कर्मा, जशपुर के प्रशांत कुमार कुशवाहा, राजनांदगांव के गौतम चंद पाटिल, कोरिया के उमेश कुमार पटेल, गरियाबंद के विशाल कुमार महाराणा तथा नारायणपुर के सुमित कुमार गर्ग सहित कुल 43 अधिकारी शामिल हैं।
वहीं सामान्य प्रशासन विभाग के दूसरे आदेश के तहत वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान (लेवल-13) में कार्यरत 40 अधिकारियों को प्रवर श्रेणी वेतनमान (लेवल-14) का लाभ दिया गया है। इनमें संयुक्त कलेक्टर, अवर सचिव, आयुक्त तथा विभिन्न विभागों में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
प्रवर श्रेणी वेतनमान प्राप्त करने वाले अधिकारियों में सिल्ली थॉमस, दिलेराम डाहिरे, स्निग्धा तिवारी, मनीष साहू, अभिषेक दीवान, रवि सिंह और नंद कुमार चौबे सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं।राज्य शासन के इस निर्णय को प्रशासनिक अधिकारियों के अनुभव, कार्यकुशलता और सेवा योगदान का सम्मान माना जा रहा है। इससे अधिकारियों के वेतनमान में वृद्धि के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।