नूर मोहम्मद, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

जिले में निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित कंपोजिट बिल्डिंग का गुरुवार को कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि भवन का निर्माण कार्य हर हाल में जुलाई के प्रथम सप्ताह तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया और चल रहे कार्यों की स्थिति पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में निर्माण की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।एक ही परिसर में संचालित होंगे कई विभाग कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने कहा कि कंपोजिट बिल्डिंग शुरू होने के बाद विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।उन्होंने कहा कि वर्तमान में आम लोगों को अलग-अलग कार्यों के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद नागरिकों को एक ही भवन में अधिकांश शासकीय सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे समय, श्रम और संसाधनों की बचत होगी तथा जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा। अधिकारियों से मांगी प्रगति रिपोर्टनिरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग नित्या ठाकुर ने कलेक्टर को निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, पूर्ण किए गए कार्यों और शेष लंबित कार्यों की जानकारी दी। कलेक्टर ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा तय समय-सीमा के भीतर सभी शेष कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जानी चाहिए। जुलाई में मिल सकती है नई प्रशासनिक सौगात जिले के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही इस कंपोजिट बिल्डिंग के पूर्ण होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को नया स्वरूप मिलेगा। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के संचालन से आम जनता को बेहतर, तेज और सुगम सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडेय, निकिता मरकाम सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, इंजीनियर और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।