तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा प्रशासनिक दृष्टिकोण से जारी नवीन आदेश के तहत जोन कमिश्नरों एवं अधिकारियों के दायित्वों में व्यापक फेरबदल किया गया है। निगम आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जोनों के प्रभार में बदलाव करते हुए अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक पुनर्संरचना का उद्देश्य नागरिक सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाना तथा क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना बताया जा रहा है।जारी आदेश के अनुसार जोन क्रमांक-7 में पदस्थ प्रवीण शर्मा को अब जोन कमिश्नर जोन क्रमांक-2 का दायित्व सौंपा गया है। विशेष बात यह है कि प्रवीण शर्मा स्वयं यदुनंदन नगर क्षेत्र के निवासी हैं और अब उन्हें अपने ही स्थानीय क्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है। इससे क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है कि स्थानीय समस्याओं के समाधान में और अधिक गति आएगी।यदुनंदन नगर, सिरगिट्टी तथा आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं सामने आती रही हैं। स्थानीय निवासी होने के कारण प्रवीण शर्मा इन समस्याओं और क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं से भली-भांति परिचित हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र के विकास कार्यों को नई दिशा मिल सकती है।नगर निगम के इस आदेश में अन्य जोन कमिश्नरों के प्रभारों में भी परिवर्तन किया गया है। मधुलिका सिंह को जोन क्रमांक-1, प्रवेश कश्यप को जोन क्रमांक-3 के साथ स्वास्थ्य अधिकारी, स्थापना तथा स्वच्छता सर्वेक्षण से जुड़े अतिरिक्त कार्य, विभा सिंह को जोन क्रमांक-4, सविना अनंत को जोन क्रमांक-5 के साथ उद्यान एवं संजय तरण पुष्कर शाखा, सागर राज को जोन क्रमांक-6, भूपेंद्र उपाध्याय को जोन क्रमांक-7 तथा रंजना अग्रवाल को जोन क्रमांक-8 का दायित्व सौंपा गया है।नगर निगम प्रशासन का मानना है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की जवाबदेही और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। वहीं स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि क्षेत्रीय जरूरतों को समझने वाले अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाती है तो विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ती हैं।यदुनंदन नगर एवं तिफरा नगर के लोगों को अब उम्मीद है कि उनके बीच रहने वाले अधिकारी प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का निराकरण तेजी से होगा और जोन क्रमांक-2 नगर निगम के सबसे सक्रिय एवं व्यवस्थित जोनों में शामिल हो सकेगा।