कृषि केंद्रों पर की गई छापामार कार्रवाई…अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक एवं दस्तावेज किया गया जब्त।

Share Now

मुंगेली, जियाउद्दीन खान, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद एवं बीज उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार सघन निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि वीणा ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष जिला निरीक्षण दल ने आज लोरमी एवं पथरिया विकासखंड के दो कृषि केंद्रों पर छापामार कार्रवाई कर बड़ी अनियमितताओं का खुलासा किया। जिला निरीक्षण दल ने लोरमी विकासखंड के बिजराकापाकला स्थित किशन खाद भंडार तथा पथरिया विकासखंड के बेलखुरी में संदीप ट्रेडर्स में डमी कृषक भेजकर उर्वरक क्रय कराया और विक्रय प्रक्रिया की जांच की। जांच के दौरान दोनों कृषि केंद्रों में उर्वरक विक्रय संबंधी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण में किशन खाद भंडार, बिजराकापाकला में एनपीके उर्वरक निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बेचने तथा यूरिया के साथ अन्य सामग्री (जिंक सल्फेट) अनिवार्य रूप से दिए जाने की शिकायत सही पाई गई। वहीं संदीप ट्रेडर्स, बेलखुरी में यूरिया निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बेचने, भौतिक स्टॉक एवं पीओएस मशीन के स्टॉक में भारी अंतर तथा एनपीके उर्वरक का स्रोत प्रमाण पत्र के बिना विक्रय किए जाने की पुष्टि हुई, जो उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस पर दोनों कृषि केंद्रों में उपलब्ध उर्वरकों तथा आवश्यक अभिलेखों को जब्त कर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 15.48 टन यूरिया, 22.80 टन एसएसपी, एनपीके तथा एमओपी सहित संबंधित दस्तावेज एवं पीओएस मशीन जब्त की गई। इस दौरान जिला उर्वरक निरीक्षक मनहरण कुर्रे, निरीक्षक संजय सोनवानी सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!