विकास नंद/सर्वव्यापी
12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर महासमुंद के इनडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, राज्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन तथा अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान जैसी विभिन्न योग क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास कराया गया। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योग कर निरोगी एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की तथा विभिन्न योगासन करने के साथ उपस्थित जनों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने कहा कि योग स्वस्थ और सकारात्मक समाज निर्माण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का आग्रह किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रहास चंद्राकर, डॉ. विमल चोपड़ा एवं येतराम साहू ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों को निरोगी जीवन, मानसिक शांति और स्वस्थ समाज निर्माण के लिए योग अपनाने का संदेश दिया गया।