अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित…विधायक, कलेक्टर सहित सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक किया योगाभ्यास।

Share Now

नूर मोहम्मद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा के असेंबली हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मरवाही प्रणव कुमार मरपची थे। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।विधायक मरपची ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के उद्देश्य से नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का जिले की विशिष्ट पहचान आयुर्वेद माला एवं विष्णुभोग चावल भेंट कर सम्मान किया गया। आयोजन ने योग, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!