विकास नंद/ सर्वव्यापी
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों की स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार करने की प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के संबंध में दिशा-निर्देश सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने की।प्रशिक्षण में जनपद पंचायत महासमुंद क्षेत्र के सरपंचों एवं सचिवों को आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त सिस्टम जनरेटेड सूची के आधार पर स्थायी प्रतीक्षा सूची निर्माण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान 24 जून को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वास्तविक पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सूची निर्माण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न की जाए। साथ ही ग्राम सभाओं में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित कर पात्र हितग्राहियों का चयन करने पर जोर दिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त पात्र हितग्राहियों की सूची के ग्राम सभा में सत्यापन, अनुमोदन तथा स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए ग्राम सभा संचालन एवं सूची निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य आवास योजना के लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता बढ़ाना तथा पात्र परिवारों को समय पर आवास सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना रहा।