नूर मोहम्मद ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
लगन, मेहनत और आत्मविश्वास जब एक साथ मिलते हैं, तो सफलता इतिहास बन जाती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है जीपीएम जिले की होनहार छात्रा आकृति साहू ने। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की राज्य मेरिट सूची में शानदार 8वां स्थान प्राप्त करने वाली स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पेंड्रा की मेधावी छात्रा आकृति साहू ने अपने परिवारजनों के साथ कलेक्टर डॉ.संतोष कुमार देवांगन से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने आकृति की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आकृति की सफलता केवल उनके परिवार या विद्यालय की नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि साबित करती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। गौरतलब है कि पुनर्मूल्यांकन के बाद आकृति साहू के 4 अंक बढ़े, जिससे उनका कुल प्राप्तांक 484 हो गया और उन्होंने राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान हासिल किया। वहीं बोनस अंक जोड़ने के बाद उनका कुल प्राप्तांक 494 (98.80 प्रतिशत) दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि आकृति इससे पहले कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भी राज्य मेरिट सूची में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। लगातार दो बोर्ड परीक्षाओं में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने जिले और विद्यालय का नाम प्रदेशभर में गौरवान्वित किया है। आकृति की इस उपलब्धि को जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी को निर्देश दिए कि जिले की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले चारों विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विद्यालयों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में मेधावी विद्यार्थी अपनी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन, परीक्षा रणनीति और सफलता के अनुभव साझा करेंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी प्रेरित होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और आने वाले वर्षों में जिले का नाम राज्य की मेरिट सूची में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचे।”ताकि आने वाले वर्षों में जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थी राज्य मेरिट सूची में अपना स्थान सुनिश्चित करें और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई मिसाल बनकर पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बने।”