लगातार बारिश के बीच कलेक्टर लंगेह की अपील: नदी-नालों से रहें दूर, प्रशासन की सलाह का करें पालन। - Sarvavyapi लगातार बारिश के बीच कलेक्टर लंगेह की अपील: नदी-नालों से रहें दूर, प्रशासन की सलाह का करें पालन। - Sarvavyapi

लगातार बारिश के बीच कलेक्टर लंगेह की अपील: नदी-नालों से रहें दूर, प्रशासन की सलाह का करें पालन।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले में लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिक अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि लगातार वर्षा के कारण कई नदी-नालों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लोग पिकनिक मनाने, सेल्फी लेने या बाढ़ का नजारा देखने के उद्देश्य से नदी-नालों के समीप न जाएं। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को सावधानी बरतने तथा अभिभावकों से बच्चों पर निगरानी रखने की अपील की है।उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से भी आग्रह किया कि जलमग्न पुल-पुलियों और रपटों को पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। यदि किसी मार्ग पर पानी बह रहा हो तो सुरक्षित स्थान पर रुकें और पानी उतरने का इंतजार करें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, नगर सेना, राजस्व तथा आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जाएगा।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर ध्यान दें, अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ संबंधी सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन या बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिलेवासियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सावधानी, सतर्कता और प्रशासन के निर्देशों का पालन ही किसी भी प्राकृतिक आपदा से सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी उपाय है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!