पीएम राहत योजना एवं आयुष्मान भारत क्लेम ब्लॉकिंग विषय पर प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित। - Sarvavyapi पीएम राहत योजना एवं आयुष्मान भारत क्लेम ब्लॉकिंग विषय पर प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित। - Sarvavyapi

पीएम राहत योजना एवं आयुष्मान भारत क्लेम ब्लॉकिंग विषय पर प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित।

Share Now

मुंगेली, जियाउद्दीन खान, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

प्रधानमंत्री राहत योजना एवं आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों, हॉस्पिटल कंसल्टेंट एवं आयुष्मान ऑपरेटरों के लिए बैठक-सह-प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. शीला साहा ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को बिना आर्थिक बोझ के गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी संचालन, आयुष्मान भारत योजना के क्लेम की समयबद्ध ब्लॉकिंग एवं प्रसंस्करण तथा पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साहा ने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर उपचार और योजनाओं का लाभ दिलाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, हॉस्पिटल कंसल्टेंट एवं आयुष्मान ऑपरेटरों को आवश्यक दस्तावेजों का समय पर संधारण, क्लेम की त्वरित प्रक्रिया पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत क्लेम प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो, इसके लिए अस्पताल स्तर पर नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। इससे मरीजों को शीघ्र उपचार का लाभ मिलेगा तथा अस्पतालों में क्लेम निपटान की प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी होगी। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ. संदीप पाटिल, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. शिव पाल सिंह सिदार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेश खाण्डे, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. नारायण देव साहू, जिला परियोजना समन्वयक आयुष्मान भारत विनय मिश्रा सहित जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक, हॉस्पिटल कंसल्टेंट एवं आयुष्मान ऑपरेटर उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!