विकास नंद/ सर्वव्यापी

सरायपाली स्थित भारत फाइनेंशियल लिमिटेड में 22.66 लाख रुपये के गबन के मामले में करीब छह माह से फरार चल रहे चौथे और अंतिम आरोपी को सरायपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।पुलिस के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को भारत फाइनेंशियल लिमिटेड की सरायपाली शाखा के प्रतिनिधि ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी में विभिन्न पदों पर कार्यरत चार कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत कर हितग्राहियों से जमा की गई 22,66,645 रुपये की राशि कंपनी में जमा न कर उसका गबन कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना सरायपाली में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही सभी आरोपी फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने पहले शुभम पाणीग्राही को गिरफ्तार किया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और डाटा विश्लेषण के आधार पर 8 जून 2026 को रोहन प्रधान और प्रमोद महंत को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।इसी क्रम में फरार चल रहे अंतिम आरोपी दीपक कुमार चौहान (24 वर्ष), निवासी गोबरसिंहा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की तलाश लगातार जारी थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी द्वारा उपयोग किए जा रहे एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जानकारी मिली। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने रायगढ़ में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के चलते इस बहुचर्चित गबन प्रकरण के सभी चार आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी कर ली गई है। अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


