तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) बिलासपुर द्वारा शनिवार को आईएमए हॉल में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में वर्षों से उत्कृष्ट, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाएं प्रदान करने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह में चिकित्सकों के योगदान की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन को नई आशा और नया विश्वास भी प्रदान करते हैं। समाज में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. विनोद तिवारी, डॉ. आर. डी. गुप्ता, डॉ. के. के. जायसवाल, डॉ. मोहन गुप्ता, डॉ. लालचंदानी, डॉ. जी. डी. मोटवानी, डॉ. गौरी दत्ता, डॉ. नीलिमा घाटगे, डॉ. सुनीता वर्मा, डॉ. आर. के. सिंह एवं डॉ. अशोक अग्रवाल शामिल रहे। सभी चिकित्सकों को उनके दीर्घकालीन चिकित्सा अनुभव, मरीजों के प्रति समर्पण तथा समाज में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रमोद जायसवाल ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। वरिष्ठ चिकित्सकों का अनुभव नई पीढ़ी के डॉक्टरों के लिए प्रेरणास्रोत है और ऐसे सम्मान समारोह चिकित्सा समुदाय में सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना को और मजबूत करते हैं।समारोह का संयोजन डॉ. प्रसन्ना सिंह, डॉ. योगेन्द्र गुप्ता, डॉ. गोपेन्द्र दीक्षित एवं डॉ. नीरज शर्मा ने किया। सभी संयोजकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन डॉ. श्रुति जायसवाल ने प्रभावशाली एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया, जिसकी उपस्थित चिकित्सकों ने सराहना की।कार्यक्रम में आईएमए बिलासपुर के अनेक वरिष्ठ एवं युवा चिकित्सक, पदाधिकारी तथा गणमान्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान चिकित्सा सेवा से जुड़े अनुभव साझा किए गए तथा समाज के प्रति डॉक्टरों की जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित चिकित्सकों का अभिनंदन करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं निरंतर सेवाभावपूर्ण जीवन की कामना की गई। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित चिकित्सकों ने भविष्य में भी ऐसे सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।


