नूर मोहम्मद,गौरेला ,पेंड्रा,मरवाही, सर्वव्यापी
जिले के नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी समन्वय, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए विभागवार कार्यों की संक्षिप्त जानकारी ली। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के निराकरण के बाद आवेदकों से अनिवार्य रूप से फीडबैक लेने पर भी जोर दिया, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।कलेक्टर ने सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइलों और नस्तियों का संचालन सुनिश्चित करने तथा आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और दक्षता बढ़ाने के लिए डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया।बैठक में शाला प्रवेश उत्सव, विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र विद्यार्थियों तक समय पर सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों की प्रवेश प्रक्रिया तथा कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा कर युवाओं को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।कलेक्टर ने नव निर्मित कम्पोजिट बिल्डिंग में विभिन्न विभागों के लिए कक्ष आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश भी दिए, ताकि सभी विभाग एकीकृत परिसर से बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर सकें।बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेग, एसडीएम मरवाही निकिता मरकाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


