भारी बारिश को लेकर कलेक्टर ने किया मुंगेली शहर का निरीक्षण,जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश। - Sarvavyapi भारी बारिश को लेकर कलेक्टर ने किया मुंगेली शहर का निरीक्षण,जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश। - Sarvavyapi

भारी बारिश को लेकर कलेक्टर ने किया मुंगेली शहर का निरीक्षण,जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

Share Now

जियाउद्दीन खान, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

मुंगेली जिले में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शनिवार को मुंगेली शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर वर्षा पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सबसे पहले सुरीघाट तालाब पहुंचे। यहां उन्होंने तालाब एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालियों और जल निकासी मार्गों की नियमित सफाई कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान पानी का बहाव बाधित न हो और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके बाद कलेक्टर कुंदन कुमार ने बड़ाबाजार एनीकट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बारिश के दौरान यहां होने वाले जलभराव, पानी के बहाव तथा संभावित जोखिमों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि नालों, जल निकासी मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ती है, इसलिए ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर स्थानीय युवाओं से भी रूबरू हुए। ग्राम खर्राघाट में भ्रमण के दौरान कलेक्टर कुंदन कुमार ने क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में रात्रिकालीन आवागमन और सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक स्थानों पर लाइट की व्यवस्था शीघ्र की जाए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान एडीएम निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल राम रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!