नूर मोहम्मद,गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल पूरक परीक्षा के अंतर्गत कक्षा 10वीं के सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा शनिवार को जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई।परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने जिला नोडल अधिकारी के.बी. दीक्षित एवं साक्षरता के नोडल अधिकारी आलोक शुक्ला ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मल्टीपरपज स्कूल पेण्ड्रा सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिकाओं के समयबद्ध वितरण, नकल रोकथाम के उपाय तथा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा मंडल के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राएं गंभीरता एवं एकाग्रता के साथ परीक्षा देते हुए पाए गए। अधिकारियों ने केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन प्रशासन और शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।


