यातायात जागरूकता अभियान में छात्रों की भागीदारी, नियमों के पालन का दिया संदेश
बलौदाबाजार, 15 अप्रैल – बलौदाबाजार नगर के अंबेडकर चौक में आज यातायात विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान अनुभागीय पुलिस अधिकारी अमृत कुजूर के निर्देशन में संचालित हुआ, जिसमें एनसीसी और एनएसएस के छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।अभियान के दौरान छात्रों और पुलिस अधिकारियों ने मिलकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की अपील की। वाहन चालकों को स्टॉप लाइन का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और मोबाइल का उपयोग न करने जैसे आवश्यक नियमों की जानकारी दी गई।साथ ही, चालकों को यह भी समझाया गया कि तेज गति और उतावलेपन से वाहन चलाना दुर्घटनाओं का मुख्य कारण होता है, इसलिए निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाना चाहिए। छात्रों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर जागरूकता संदेश दिए, वहीं पुलिस अधिकारियों ने नियम तोड़ने वालों को रोक कर समझाइश दी और यातायात नियमों के पालन की अपील की।यह अभियान आम नागरिकों को सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।