विकास नंद/ सर्वव्यापी/
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की मैराथन बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और कार्यों की व्यापक समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिक तेजी और पारदर्शिता लाकर परिणाममूलक कार्य करें, जिससे शहरी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो सकें।
साव ने कहा कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
बीते डेढ़ वर्षों में नगरीय प्रशासन विभाग ने कई नवाचार किए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम नजर आने लगे हैं। उन्होंने स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों को धरातल पर प्रभावी तरीके से उतारने के निर्देश भी दिए।
बैठक में राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) की योजनाओं जैसे ई-गवर्नेंस, मोर संगवारी योजना और निदान-1100 की विस्तार प्रक्रिया की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरायपाली के अमृत मिशन के डीपीआर को शीघ्र परीक्षण कर प्राथमिकता से स्वीकृति देने के निर्देश दिए।
साव ने स्थानीय निकायों के वर्गीकरण, इंजीनियरों की शीघ्र भर्ती, और 15वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित योजनाओं पर त्वरित कार्यवाही करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही ईईएसएल के साथ हुए अनुबंध के तहत पारंपरिक लाइट्स को एलईडी में बदलने का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भिलाई क्लस्टर के लिए तैयार इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना को जल्द अमल में लाने की बात कही गई।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक आर. एक्का, उप सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, डॉ. ऋतु वर्मा सहित SUDA और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।