तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से सटे ऊर्जा विहार कालोनी छतौना में गणेश उत्सव पर्व इस वर्ष बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। कालोनीवासियों की सहभागिता और उत्साह ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया है।गणेश प्रतिमा की स्थापना के बाद प्रतिदिन भजन-कीर्तन और आरती से वातावरण गुंजायमान हो रहा है। वहीं, इस वर्ष आयोजन समिति ने बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को मंच देने का विशेष उपक्रम किया है। इसी क्रम में रंगोली प्रतियोगिता, डांस परफॉर्मेंस और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।प्रतियोगिताओं में कालोनी के छोटे-छोटे बच्चों से लेकर युवाओं ने अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने भगवान गणेश, संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी आकर्षक आकृतियां उकेरीं, जबकि डांस और गीत-संगीत से वातावरण में ऊर्जा का संचार हुआ।आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का अवसर भी है। इस तरह के आयोजन से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।पूरे कालोनी परिसर में इन दिनों गणेशोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान गणेश के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर उत्सव का आनंद उठा रहे हैं।