तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
जीपीएम जिले के ग्राम पंचायत गोरखपुर निवासी सलीम खान पिता वसीम खान पर आठ मजदूरों से ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार सलीम खान ने वेंकटनगर क्षेत्र के मजदूरों को यह कहकर झांसा दिया कि वह उन्हें इलाहाबाद बैंक से लोन दिला सकता है तथा केसीसी योजना के माध्यम से पैसे उपलब्ध करा सकता है। बैंक में अपनी विशेष पकड़ होने का दावा करते हुए उसने मजदूरों से कुल 29,000 रुपये वसूल लिए।जब मजदूरों को यह आभास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है, तो उन्होंने सलीम खान से अपना पैसा लौटाने की मांग की। लेकिन वह “आज दूंगा, कल दूंगा” कहते हुए लगातार टालता रहा और अंततः अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया।इसके बाद मजदूरों को किसी ने राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) जिला कार्यालय जाने की सलाह दी। मजदूर अपनी शिकायत लेकर इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी के पास पहुँचे। अध्यक्ष ने मजदूरों की समस्या सुनने के बाद बताया कि इस मामले में सलीम खान को पहले भी तीन बार नोटिस देकर समय दिया गया था, किंतु उसने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इससे स्पष्ट होता है कि मजदूरों के साथ ठगी की गई है।इंटक अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले को लेकर सोमवार को पुलिस अधीक्षक महोदय के पास जाकर सलीम खान के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी तथा मजदूरों को उनका पैसा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।इदरीस अंसारी ने यह भी कहा कि इंटक कार्यालय में आने वाले मजदूरों की शिकायतों में कभी भेदभाव नहीं किया जाता। चाहे मजदूर किसी भी जिले अथवा राज्य के हों, उनकी समस्या को पूरी गंभीरता से सुना जाता है और समाधान के लिए प्रयास किया जाता है। हाल ही में वन विभाग मरवाही का मामला भी सामने आया था, जिसमें कटनी के मजदूरों को उनकी मजदूरी नहीं मिल रही थी। मजदूरों ने जब इंटक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई तो इंटक अध्यक्ष ने तत्काल डीएफओ मैडम से मुलाकात कर मजदूरी का भुगतान अगले ही दिन करा दिया।इंटक परिवार मजदूरों के हक और अधिकार दिलाने के लिए हमेशा तत्पर रहता है। अब देखना यह होगा कि क्या इन पीड़ित मजदूरों को भी उनका मेहनताना वापस मिल पाता है या नहीं।